featuredकोरबाछत्तीसगढ़

नहर ब्रिज चोरी के मास्टरमाइंड पर चला बुलडोजर,3 मंजिला अवैध मकान ध्वस्त

कोरबा, 21 मई 2026। शहर में चर्चित नहर ब्रिज चोरी मामले के मुख्य आरोपी और कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके राताखार स्थित तीन मंजिला अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें  कि ढोढ़ीपारा से रशियन हॉस्टल जाने वाले मार्ग पर स्थित लोहे के नहर पुल को कुछ समय पहले काटकर चोरी कर लिया गया था। पुलिस जांच में इस सनसनीखेज चोरी का मास्टरमाइंड शहर का कुख्यात कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी निकला, जिसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान प्रशासन को जानकारी मिली कि आरोपी ने राताखार बस्ती में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर तीन मंजिला आलीशान मकान खड़ा कर लिया है। इसके बाद जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। वहीं एसडीएम सरोज महिलांगे, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, निगम उपायुक्त नीरज कौशिक, तहसीलदार बजरंग साहू और टीआई मोतीलाल पटेल सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीम कार्रवाई में जुटी रही।

कार्रवाई रोकने की कोशिश नाकाम

आरोपी पक्ष को कार्रवाई की पहले ही भनक लग गई थी। प्रशासन की टीम को रोकने के लिए रास्ते में कबाड़ वाहन और अन्य सामान खड़ा कर अवरोध पैदा करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रशासन ने सभी बाधाओं को हटाकर कार्रवाई जारी रखी। अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

150 से ज्यादा पुलिस जवान रहे तैनात

प्रशासन को कार्रवाई के दौरान विरोध और तनाव की आशंका थी। इसे देखते हुए मौके पर 150 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई।

प्रशासन का सख्त संदेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय या नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। आम नागरिकों ने भी प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button