featuredछत्तीसगढ़

मानसून अलर्ट: रायगढ़ में बाढ़ और आपदा से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, कलेक्टर-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 11 जुलाई। जिले में सक्रिय मानसून को देखते हुए संभावित बाढ़, जलभराव और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एसपी कार्यालय में सभी विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर राहत-बचाव, स्वास्थ्य सेवाएं, कानून-व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और जलभराव की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ 24 घंटे सतर्क रहने और आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हीराकुंड बांध के जलभराव से प्रभावित 17 गांवों की विशेष निगरानी करने, जलस्तर पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।

48 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी तैनात

रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में बारिश के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी 48 वार्डों में अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। नगर निगम के चारों जोन में विशेष प्रभारी तैनात रहेंगे। जल निकासी, नालों की सफाई, पंपों की उपलब्धता और आपातकालीन टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

डेंगू और सर्पदंश पर विशेष सतर्कता

स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रखते हुए वार्ड 17, 19 और 20 में डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों के साथ एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं आकाशीय बिजली से बचाव के लिए भी जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

राहत शिविर और संसाधन तैयार

प्रशासन ने नाव, मोटरबोट, लाइफ जैकेट, रस्सी और राहत सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों के लिए भवन पहले से चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में आपदा की स्थिति में सहायता के लिए जिला बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन 07762- 223750 को 24 घंटे संचालित रखने का निर्णय लिया गया है।

पुलिस रहेगी अलर्ट मोड पर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, त्वरित पुलिस सहायता और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। शहर के प्रमुख सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई।

गंधरी पुलिया बंद, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों से शहर स्थित रेलवे अंडरब्रिज (गंधरी पुलिया) को रेलवे प्रशासन ने आवागमन के लिए बंद कर दिया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही करें।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button