
नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई, लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद
जांजगीर-चांपा, 14 मई 2026। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक महिला आरोपी को 2.1 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
मिली जानकारी के मुताबिक 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भोजपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास एक महिला अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मोंगरा बाई (34 वर्ष), निवासी ग्राम पिसौद, थाना जांजगीर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग के बैग में रखे 2.1 किलोग्राम अवैध गांजा एवं 450 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 234/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 नग नशीली कफ सिरप, 10 लीटर कच्ची महुआ शराब और 20 पाव देशी प्लेन शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, विरेश सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो सहित थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



