featuredछत्तीसगढ़

सरगुजा संभाग की आधिकारिक वेबसाइट का सरगुजा सम्भागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने किया शुभारंभ

छत्तीसगढ़ का प्रथम संभागीय पोर्टल लॉन्च

जशपुर 12 जून 2026/ छत्तीसगढ़ में डिजिटल प्रशासन और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। सरगुजा सम्भागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को सरगुजा संभाग की आधिकारिक वेबसाइट division- surguja.cg.gov.in का विधिवत शुभारंभ किया। यह छत्तीसगढ़ राज्य के किसी भी संभाग की पहली आधिकारिक संभागीय वेबसाइट है। जो नागरिकों, पर्यटकों तथा विभिन्न हितधारकों को एकीकृत डिजिटल मंच उपलब्ध कराएगी।
वेबसाइट का डिजाइन, डेवलपमेंट एवं तकनीकी सहयोग राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (NIC) सरगुजा द्वारा प्रदान किया गया है। पोर्टल का निर्माण केंद्र सरकार के सुरक्षित प्लेटफॉर्म S3WaaS (Secure, Scalable & Sugamya Website as a Service) पर किया गया है, जिससे इसकी सुरक्षा, विश्वसनीयता और उपयोगिता सुनिश्चित होती है।
अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस
यह पोर्टल ‘Secure-by-Design’ फ्रेमवर्क पर आधारित है तथा इसकी होस्टिंग NIC के नेशनल डाटा सेंटर्स में की गई है। इससे वेबसाइट को ऑटोमेटेड पैच, आसान साइबर सुरक्षा, सुरक्षा ऑडिट जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी।
वेबसाइट को पूरी तरह रिस्पॉन्सिव बनाया गया है, जिससे यह मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर सहित सभी प्रकार के उपकरणों पर सहजता से संचालित होगी। वर्तमान में यह हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
नागरिकों और पर्यटकों को मिलेंगे अनेक लाभ
इस पोर्टल के माध्यम से सरगुजा संभाग की प्रशासनिक संरचना, इतिहास, प्रोफाइल, अधिकारियों की संपर्क सूची तथा सभी जिलों की महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों के प्रमुख पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और क्षेत्रीय महोत्सवों की विस्तृत जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा नागरिक अब पोर्टल के माध्यम से सीधे B1/P11, नामांतरण, राजस्व न्यायालय आवेदन तथा डायवर्जन जैसी महत्वपूर्ण ऑनलाइन राजस्व सेवाओं तक पहुंच सकेंगे।
पोर्टल पर कार्यालय के नोटिस, निविदाएं, अधिसूचनाएं, परिपत्र और अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं समय-समय पर प्रकाशित की जाएंगी। नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए वेबसाइट में फीडबैक फॉर्म, मीडिया कॉर्नर, फोटो गैलरी और वीडियो गैलरी जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
संभागीय आयुक्त ने जताया आभार
शुभारंभ अवसर पर संभागीय आयुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने सरगुजा संभाग के सभी जिला कलेक्टरों तथा एनआईसी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी जिलों द्वारा सक्रिय डाटा साझाकरण तथा एनआईसी की टीम की कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ राज्य का पहला संभागीय पोर्टल साकार हो सका है। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा डिजिटल सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

शुभारंभ अवसर में उपायुक्त आर के खुंटे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्भाग के समस्त जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button