featuredकोरबाछत्तीसगढ़

गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

इस वर्ष मुख्य समारोह में होगा राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम्‘‘ का सामूहिक गायन

कोरबा, 28 जुलाई 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने के लिए अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित कीं तथा सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक एवं समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आजादी के पर्व पर 15 अगस्त को शासकीय कार्यालयों एवं जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रध्वज संहिता (फ्लैग कोड) का पालन करते हुए पूर्ण गरिमा एवं सम्मान के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन फुटबॉल मैदान, सीएसईबी कोरबा पूर्व में किया जाएगा। जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थाओं में प्रातः 7 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस वर्ष मुख्य समारोह में राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम्‘‘ का सामूहिक गायन भी किया जाएगा।
मुख्य समारोह में ध्वजारोहण एवं सलामी कार्यक्रम के प्रभारी पुलिस अधीक्षक होंगे। परेड में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला) तथा छत्तीसगढ़ नगर सेना (पुरुष एवं महिला) के दल भाग लेंगे। समारोह का अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संपूर्ण प्रभारी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी, राजीव गांधी शिक्षा मिशन होंगे।

फुटबॉल मैदान, सीएसईबी कोरबा पूर्व में ग्राउंड की साफ-सफाई, शामियाना, ध्वनि विस्तारक (माइक) व्यवस्था, कुर्सियां, सोफा सेट, गमले, विशिष्ट अतिथियों के लिए पेयजल, ध्वजारोहण मंच, मंच सज्जा, गुब्बारे एवं ध्वज सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा की जाएंगी। ध्वजदंड एवं आवागमन के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं द्वारा की जाएगी। बांस-बल्ली की व्यवस्था वन विभाग द्वारा की जाएगी। विद्युत व्यवस्था की समुचित देखरेख अनुविभागीय अधिकारी (विद्युत/यांत्रिकी) करेंगे, जबकि कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता, वितरण, सीएसईबी शहर संभाग, कोरबा की होगी। समारोह स्थल पर मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों सहित आमजन के बैठने की व्यवस्था अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कोरबा तथा तहसीलदार, कोरबा द्वारा की जाएगी। राष्ट्रगान की प्रस्तुति पुलिस बैंड द्वारा दी जाएगी। निमंत्रण पत्रों की छपाई की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा तथा उनके वितरण की व्यवस्था प्रोटोकॉल अधिकारी, कोरबा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य समारोह एवं रिहर्सल के लिए आवश्यकतानुसार वाहन व्यवस्था प्रोटोकॉल अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी द्वारा की जाएगी। मार्चपास्ट एवं रिहर्सल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था महाप्रबंधक, एनटीपीसी द्वारा तथा मुख्य समारोह के दिन स्वल्पाहार की व्यवस्था आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा की जाएगी। समारोह में भाग लेने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) की होगी। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक चिकित्सक, स्वास्थ्य अमला एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्रों की छपाई की व्यवस्था जिला पंचायत कोरबा द्वारा की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बाल्को, मुख्य अभियंता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व, मुख्य अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी, कोरबा पश्चिम तथा महाप्रबंधक, एसईसीएल द्वारा की जाएगी। पुरस्कार वितरण की संपूर्ण व्यवस्था जिला पंचायत कोरबा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

14 अगस्त को आयोजित होगी स्वतंत्रता सह सद्भावना दौड़

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को प्रातः 8 बजे स्वतंत्रता सह सद्भावना दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा अधिकारी- कर्मचारी भाग ले सकेंगे। दौड़ घंटाघर चौक से प्रारंभ होकर निहारिका, सुभाष चौक, विद्युत गृह स्कूल, बुधवारी बाजार चौक, जैन मंदिर, महाराणा प्रताप चौक होते हुए पुनः घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में समाप्त होगी।

राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने के दिए निर्देश

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में फहराए जाने वाले राष्ट्रध्वज का पूर्व परीक्षण कर लें। राष्ट्रध्वज कहीं से भी कटा-फटा, क्षतिग्रस्त अथवा छेदयुक्त नहीं होना चाहिए। ध्वज स्वच्छ एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा उसे सही तरीके से फहराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रध्वज की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा फ्लैग कोड के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन किसी भी स्थिति में न हो।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button