
आत्मनिर्भर महिला उद्यमिता की सराहना, मंजू यादव को दिए 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक


कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत शनिवार को कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू में एक आत्मीय और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री साय ने लखपति दीदी मंजू यादव के घर पहुंचकर उनके चाट-गुपचुप एवं मंचूरियन के ठेले पर गुपचुप का स्वाद लिया और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की जमकर सराहना की।

मुख्यमंत्री का उड़नखटोला जैसे ही लेमरू पहुंचा, ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया। मंजू यादव ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे उनके ठेले तक पहुंचे और पारंपरिक परसा पत्तों के दोने में परोसे गए तीखे-चटपटे गुपचुप का आनंद लिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने मंजू यादव से उनके व्यवसाय के बारे में विस्तार से चर्चा की। बातचीत के दौरान उन्होंने पूछा कि गुपचुप और अन्य सामग्री कहां तैयार होती है। इस पर मंजू यादव ने बताया कि वे सभी सामग्री घर पर स्वयं तैयार करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ठेले के अलावा वे कैटरिंग प्लेट का कार्य भी करती हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये तक की आय हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने उनके परिश्रम, लगन और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि समाज को भी नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने उनके पति धनपत यादव के सहयोग की भी प्रशंसा की, जो व्यवसाय में उनका पूरा साथ देते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंजू यादव को व्यवसाय विस्तार और प्रोत्साहन के लिए 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक प्रदान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओ पी चौधरी,श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



