
लैपटॉप भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

अंबिकापुर 0 5मई 2026/छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में जिले में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को कलेक्टर अजीत वसंत ने सम्मानित किया।
10 वीं की परीक्षा में प्रयास आवासीय विद्यालय अम्बिकापुर की छात्रा ज्योति साहू 97.33 प्रतिशत के साथ जिले में अव्वल रहीं। वहीं मल्टीपरपज स्कूल के छात्र बाबा आशीष केरकेट्टा ने 12 वीं कक्षा में 94.4 प्रतिशत अंक के साथ जिले में अव्वल स्थान प्राप्त किया। दोनों अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ मंगलवार को कलेक्टर श्री वसंत से मिलने कलेक्टोरेट पहुंचे। कलेक्टर ने दोनों को लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर के पूछने पर बाबा आशीष ने आगे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की इच्छा जाहिर की, वहीं ज्योति ने बताया कि 11 वीं में मैथ्स लेकर वह इंजीनियर बनना चाहती हैं।
कलेक्टर श्री वसंत ने दोनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा इसी प्रकार आगे भी कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल करने प्रेरित किया। इस दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ललित शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा, रविशंकर पाण्डे उपस्थित रहे।



