featuredछत्तीसगढ़

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा ने दिए निर्देश

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में पात्र हितग्राहियों को जोड़कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश

जगदलपुर, 18 अगस्त 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा ने मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं किए जा रहे स्टॉलेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं अन्य विभागों के ऐसे अधिकारी-कर्मचारी जिनका स्वयं का घर है, उन्हें लक्षित कर योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देकर स्टॉलेशन की संख्या में प्रगति लाने का प्रयास किया जाए।कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के आवेदनों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्तापूर्ण जवाब के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘बस्तर मुन्ने’ के सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि सर्वे के साथ-साथ संबंधित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में सेचुरेशन का लक्ष्य रखते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

बैठक में एकलव्य विद्यालय, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता एवं संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए किए जा रहे सर्वे को आगामी समय-सीमा बैठक से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए प्रत्येक स्कूल में किसी एक शिक्षक को दायित्व सौंपकर प्रमाण पत्र तैयार कराने की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा तोकापाल में आयोजित किए जा रहे सिकलसेल विशेष शिविर की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने शिविर में अन्य विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए, ताकि शिविर में आने वाले नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 18 अगस्त से 24 सितंबर तक शिशु संरक्षण माह आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए टीकाकरण, आवश्यक दवाइयों की खुराक एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में कलेक्टर ने बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके अलावा जन औषधि केन्द्रों के संचालन, लखपति दीदी पहल, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र निर्माण, आभा आईडी के वेरिफिकेशन, राजस्व शिविरों के आवेदनों के निराकरण तथा स्कूल निरीक्षण की जानकारी गूगल शीट पर अपलोड करने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अमले द्वारा राजस्व रिकॉर्ड एवं खसरा मैपिंग, श्रमिक ई-केवाईसी के लिए शिविर आयोजन, जिले में खाद की उपलब्धता सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button