
प्रगणकों को दिए सटीक डेटा प्रविष्टि के निर्देश
जगदलपुर, 1 मई 2026/ जिले में जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा ने जमीनी स्तर पर पहुंचकर कार्यों का अवलोकन किया। अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर जगदलपुर विकासखंड के ग्राम चोकावाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय निवासी सोमारी के घर जाकर प्रगणक द्वारा की जा रही पूछताछ और जानकारी दर्ज करने की पद्धति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान परिवार के सदस्यों से भी चर्चा की और जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला।

कलेक्टर श्री छिकारा ने कार्य की गंभीरता को देखते हुए मौके पर उपस्थित प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया के दौरान डेटा प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की तकनीकी या मानवीय त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में आधार स्तंभ होते हैं, इसलिए प्रत्येक जानकारी की सत्यता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। कलेक्टर ने जनगणना कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी ऋषिकेश तिवारी,तहसीलदार जगदलपुर राहुल गुप्ता सहित जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



