
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और शत-प्रतिशत कवरेज पर दिया जोर


जगदलपुर, 1 मई 2026/बस्तर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा ने जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुम्हली का दौरा कर वहां आयोजित स्वास्थ्य जांच प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान शिविर में तैनात चिकित्सा दलों से चर्चा की और ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच के उपरांत मरीजों को आवश्यकतानुसार उन्हें तत्काल मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं ताकि उपचार में किसी प्रकार का विलंब न हो। साथ ही बेहतर उपचार की जरूरत के अनुसार संबंधित मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रिफर किया जाए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य शत-प्रतिशत जनसंख्या को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि गांव का कोई भी परिवार जांच की प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अमले को ग्रामीणों के डिजिटल आयुष्मान हेल्थ प्रोफाइल (आभा) बनाने के कार्य में तेजी लाने और गंभीर बीमारियों के मामलों में त्वरित रेफरल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों को प्रोत्साहित करते हुए अपील की कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों की जांच अवश्य कराएं, क्योंकि रोगों की समय पर पहचान ही बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है। इस दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी ऋषिकेश तिवारी, जगदलपुर तहसीलदार राहुल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे



