featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने किया स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण

कलेक्टर ने तोकापाल सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन एवं सशक्तिकरण शिविर में  121 सिकलसेल कार्ड का किया वितरण

जगदलपुर, 20 अगस्त 2026/ कलेक्टर  आकाश छिकारा एवं जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने आज तोकापाल विकासखंड के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने उप स्वास्थ्य केंद्र तेली मारेगा एवं सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र एराकोट का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने उप स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा ग्रामीणों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके पश्चात अधिकारियों ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र एराकोट का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पोषण व्यवस्था एवं आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों के समग्र विकास और पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ तोकापाल में आयोजित सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन एवं सशक्तिकरण शिविर में भी शामिल हुए। उन्होंने शिविर के लिए पहुंचे नागरिकों की पंजीयन प्रक्रिया, सिकलसेल जाँच मशीन का अवलोकन किया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड की टीम से स्वास्थ्य संबंधी प्रमाण पत्र के लिए आने वालों की स्थिति का जायजा लिया । इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबत्ती मंडावी, अन्य जनप्रतिनिधि और कलेक्टर श्री छिकारा, सीईओ श्री खन्ना ने तोकापाल सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन एवं सशक्तिकरण शिविर में  121 सिकलसेल कार्ड का वितरण किया। सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद  ने सिकल सेल एनीमिया के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और उसके बेहतर इलाज, बीमारी के कारण की जानकारी दी।

कलेक्टर और सीईओ ने शिविर में राजस्व, कृषि, पशुपालन पंचायत सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले लोगों को योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए।इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष  श्रीमती मंडावी, जिला पंचायत सदस्य श्री बघेल, पदमनी कश्यप ने संबोधित किया ।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया से बचाव के लिए जागरूकता और समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है।विवाह से पूर्व सिकल सेल जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श कराकर आने वाली पीढ़ी को इस बीमारी से सुरक्षित किया जा सकता है।प्रशासन द्वारा चिन्हांकित मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पेंशन, उपचार, आयुष्मान कार्ड और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिले।मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से नागरिकों को सोलर रूफटॉप लगाकर बिजली की बचत और आत्मनिर्भरता का अवसर मिल रहा है।स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने की विशेष मुहिम से लगभग 14 हजार बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।राजस्व शिविरों और जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील करता हूं कि योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और विकसित एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने कहा कि आम जनता तक जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य ध्येय सरकार की प्रमुख सेवाओं को एक ही छत के नीचे लाकर ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत दिलाना है।क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे आगे आकर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इन सभी निःशुल्क सेवाओं का भरपूर लाभ उठाएं। इस अवसर पर एसडीएम शंकर सिन्हा, तहसीलदार यशोदा केतारप, कृषि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे ।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button