featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया नीट परीक्षा का निरीक्षण

परीक्षा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, परीक्षार्थियों की सुविधा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बायोमेट्रिक आथेंटिक डिवाइस से परीक्षार्थियों की उपस्थिति लेने सहित सीसीटीवी कैमरे से हुई परीक्षा की निगरानी

जगदलपुर, 21 जून 2026/ राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं सुचारू संचालन व्यवस्था का जायजा कलेक्टर आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने लिया और परीक्षार्थियों की सहूलियत संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख परीक्षा केन्द्रों शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा तथा शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा का भ्रमण कर वहाँ परीक्षा कक्षों में बैठक व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी ली।

नीट परीक्षा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहद गंभीर और सतर्क रहकर परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन कराया जाए और यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा देने आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। इस दौरान अवगत कराया गया कि नीट परीक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षार्थियों को पूरी जांच प्रक्रिया के बाद परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश की अनुमति दी गई है। साथ ही बायोमेट्रिक आथेंटिक डिवाइस से परीक्षार्थियों की उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था, निर्बाध बिजली की आपूर्ति के साथ ही जनरेटर की अल्टरनेट व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।परीक्षार्थियों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सहायता हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में चिकित्सा दल के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था, पेयजल का समुचित प्रबंध सहित शौचालय इत्यादि के इंतजाम किए गए हैं। वहीं हरेक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क रहने कहा।वहीं परीक्षा सम्पन्न होने के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्रियों को सतर्कता के साथ सीलबंद कर भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ज्ञात हो कि रविवार 21 जून को जगदलपुर शहर के चार परीक्षा केन्द्रों शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय जगतू माहरा बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का सुचारू रूप से आयोजन किया गया। जिले के अंतर्गत इस परीक्षा हेतु कुल 1467 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 1292 परीक्षार्थी शामिल हुए और 175 अनुपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button