featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर रोहित व्यास ने मनोरा एवं सन्ना के विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण

शिक्षण व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा,जश लर्न के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया विशेष जोर

विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, विद्यार्थियों को आसान तरीके से पढ़ाया गणित का पाठ

जशपुरनगर, 31 जुलाई 2026/ नए शिक्षण सत्र की शुरुआत से ही विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था के सुचारू संचालन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर  रोहित व्यास लगातार स्कूलों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने मनोरा विकासखंड एवं सन्ना तहसील के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिले में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को गणित की आधारभूत संक्रियाओं में दक्ष बनाने के उद्देश्य से संचालित जश लर्न कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर स्वयं भी शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया, उनकी जिज्ञासाओं को सुना तथा खेल-खेल और व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से गणित की अवधारणाओं को सरल, रोचक एवं सहज तरीके से समझाया। विद्यार्थी भी कलेक्टर से मिलकर प्रसन्न नजर आए।

विद्यालय परिसर के 100 मीटर दायरे में गुटखा बिक्री पर तत्काल जप्ती की कार्रवाई

कलेक्टर श्री व्यास ने मनोरा विकासखंड अंतर्गत शासकीय आदर्श प्राथमिक शाला बेलटोली का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय एवं शौचालय की नियमित साफ-सफाई, बरसात के मौसम में परिसर को फिसलन मुक्त रखने तथा पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से जश लर्न कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी लेते हुए चैटबोट गणिता ऐप का प्रभावी उपयोग करने तथा डैशबोर्ड में समयबद्ध जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही जश लर्न के लिए नियुक्त शैक्षिक संकुल समन्वयकों को तकनीकी सहयोग, नियमित मॉनिटरिंग एवं आवश्यक मार्गदर्शन सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा पांचवीं के छात्र शिवम महतो से 13 का पहाड़ा सुनाने को कहा। छात्र ने आत्मविश्वास के साथ पूरा पहाड़ा सुनाया। इसके अलावा उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी गणित के प्रारंभिक प्रश्न पूछे और उन्हें सरल एवं व्यवहारिक तरीके से हल करना सिखाया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाया और खूब मेहनत करने को कहा।
कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला सरडीह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित उपस्थिति दर्ज कर जिम्मेदारीपूर्वक शिक्षण कार्य करने तथा जश लर्न कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें व्यवहारिक तरीके से गणित के प्रश्न हल करना सिखाया तथा शिक्षकों को अध्ययन में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर अतिरिक्त मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे में गुटखा एवं पान मसाला बिक्री की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को जप्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिस पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने दुकान संचालक से कहा कि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की गतिविधि पाए जाने पर और अधिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों को व्यवहारिक एवं सरल तरीके से पढ़ाने पर दिया जोर

कलेक्टर रोहित व्यास ने शासकीय प्राथमिक शाला चन्दाडीपा विकासखंड बगीचा का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जश लर्न कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए शिक्षकों एवं शैक्षिक संकुल समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के पालकों से समय लेकर फोन पर संपर्क स्थापित करें। इससे पालकों से बेहतर समन्वय स्थापित होगा और सकारात्मक परिणाम आएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से गणित की अवधारणाएं भी समझाईं।
कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला सरनाटोली, विकासखंड बगीचा का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित उपस्थिति दर्ज करने, अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क स्थापित कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय में सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को गतिविधि आधारित एवं व्यवहारिक तरीके से पढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि वे विषयों को आसानी से समझ सकें। इस दौरान उन्होंने बच्चों को खेल-खेल में गणित के विभिन्न प्रश्न हल कराए और उन्हें सीखने के प्रति प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विश्वास राव मस्के, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button