featuredछत्तीसगढ़

कलेक्टर आकाश छिकारा ने ली समय-सीमा बैठक

योजनाओं के कारगर क्रियान्वयन के दिए निर्देश

जगदलपुर, 25 अगस्त 2026/ कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण और सुगम सेवा प्रदायगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति रही, जबकि जिले के सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शी और बेहद सरल तरीके से पहुँचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेवा डेरा के तौर पर चयनित ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही विभागीय गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित किया जाए, ताकि इन गांवों में ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ सहजता से मिल सके।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नागरिक सेवाओं और प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया को छोटा व सहज बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि जाति प्रमाण पत्र, नामांतरण, पेंशन और राजस्व विवादों से जुड़े मामलों का बिना किसी तकनीकी या प्रक्रियात्मक बाधा के तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सहूलियत हो सके। कलेक्टर ने नागरिक सेवाओं को अधिक व्यावहारिक बनाने की दिशा में निर्देश दिए कि आगामी 5 सितंबर को रायकोट में आयोजित होने वाले आयुष स्वास्थ्य शिविर के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के शिविरों का भी प्रभावी आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संयुक्त शिविर में आयुष्मान कार्ड निर्माण, आधार ऑपरेटर, श्रम विभाग के श्रमिक पंजीयन कार्ड, राशन कार्ड अपडेशन और एग्रीस्टैक से जुड़े काउंटर्स अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं। इस समन्वय का मुख्य उद्देश्य यह है कि ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यों के लिए एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध हो और उन्हें स्वास्थ्य उपचार के साथ-साथ पहचान, राशन और अन्य जरूरी प्रमाण पत्र व सेवाएं एक ही छत के नीचे आसानी से उपलब्ध हो सकें।

बैठक में शासन की विभिन्न प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हितग्राहियों और मैदानी अमले का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन कराने, जल जीवन मिशन के कार्यों का त्वरित भौतिक सत्यापन करने तथा जल स्रोतों के संवर्धन हेतु वीबी-जी राम जी योजनांतर्गत ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित पोषण आहार वितरण, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर बल दिया। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के स्टाफ क्वार्टर्स, हॉस्टल और फिजियोथेरेपी कॉलेज से जुड़े भूमि आबंटन प्रकरणों को वन व राजस्व विभाग के आपसी समन्वय से शीघ्र निराकरण करने को कहा गया। इस अवसर पर वन मंडलाधिकार दीपेश कपिल, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा और सहायक कलेक्टर यशवंत नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button