किसानों को धान विक्रय हेतु सभी सहूलियत प्रदान करें- डोमन सिंह

जगदलपुर, नवंबर 2026/ कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोण्डागांव जिले के धान उपार्जन केन्द्र मसौरा का निरीक्षण कर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केन्द्र में धान की गुणवत्ता, नमी और वजन की जांच की तथा धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों से संवाद कर खरीदी व्यवस्था एवं उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
कमिश्नर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने इस दौरान धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रदान की जा रही प्रोत्साहन राशि एवं योजना के लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान एसडीएम अश्वन पुसाम, जिला खाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव, सहकारिता विभाग के अधिकारी उदय ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी लोकेश देवांगन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







