कोरबा। शहर में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त चोरी का दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे रामसागरपारा निवासी प्रार्थी के साथ राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने मारपीट की और उसका मोबाइल तथा नगदी रकम लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 937/2026, धारा 309(4), 115(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहियों की पतासाजी की और लूटपाट की घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखन राजपूत (23 वर्ष), निवासी रामसागरपारा कोरबा, रवि निषाद उर्फ दादू (22 वर्ष) एवं कमल निषाद उर्फ टेंगना, दोनों निवासी राताखार बाईपास रोड कोरबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नगदी रकम तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए चोरी के दोपहिया वाहन को बरामद किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।







