
बिलासपुर। आईजी राम गोपाल गर्ग ने महिला सुरक्षा और लंबित आपराधिक प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक में कड़े निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए आईजी गर्ग ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी एक माह के भीतर पुराने लंबित प्रकरणों को शून्य करने का लक्ष्य तय किया।
गंभीर अपराधों की होगी विशेष समीक्षा
आईजी ने लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों की राजपत्रित अधिकारियों के माध्यम से प्रकरणवार समीक्षा करने तथा शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में महिला संबंधी अपराधों की जांच और निराकरण को लेकर संचालित आईटीएसएसओ (Investigation Tracking System for Sexual Offence) की भी समीक्षा की गई। आईजी गर्ग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित महिला अपराधों के मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए। वहीं 60 दिनों के भीतर वाले प्रकरणों में लगातार साक्ष्य संकलन कर निर्धारित समय-सीमा में जांच पूर्ण करने को कहा गया।
उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन पर जोर
बैठक में माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आईजी ने सभी अधिकारियों को न्यायालयीन निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में SSP रजनेश सिंह, SSP शशि मोहन सिंह, SSP भोजराम पटेल, SP सिद्धार्थ तिवारी, SP मनोज खिलारी, SP प्रफुल्ल ठाकुर, SP निवेदिता पॉल, ASP निमीषा पाण्डेय,DSP मंजुलता केरकेट्टा उपस्थित रहे।



