
कोरबा, 06 जुलाई 2026। शहर में लगातार हो रही बारिश और संभावित जलभराव व बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम कोरबा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सोमवार को साकेत भवन स्थित सभाकक्ष में सभी जोन कमिश्नरों, मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आपात समीक्षा बैठक लेकर अतिवृष्टि, बाढ़ नियंत्रण, राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र के जलभराव प्रभावित वार्डों और निचली बस्तियों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि मानसून सक्रिय है और लगातार बारिश के कारण किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी तरह तैयार रहें तथा 24 घंटे सतर्कता बनाए रखें।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जाए और जहां भी पानी भरने की स्थिति बने, वहां तत्काल मोटर पंपों एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से पानी निकासी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पानी घरों तक पहुंचता है तो प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों और सेल्टर सेंटरों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कंट्रोल रूम हुआ सक्रिय
आपदा की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने साकेत भवन स्थित मुख्य कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके लिए 07759-226672 नंबर जारी किया गया है। कंट्रोल रूम में तीन पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है ताकि नागरिकों की शिकायतों और आपात सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी जोन कार्यालयों में मजदूर, रस्सियां, हवा भरे ट्यूब, टॉर्च सहित अन्य आवश्यक संसाधन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहें। साथ ही गोताखोरों की सूची और संपर्क जानकारी भी तैयार रखी जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मदद ली जा सके।
बाढ़ प्रभावितों के लिए बनाए गए सेल्टर सेंटर
निगम प्रशासन ने संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सेल्टर सेंटर चिन्हित किए हैं। इनमें सीतामणी, मिशन रोड, रानी गेट, लालघाट, जोगियाडेरा, कबीर भवन, सुमेधा स्कूल, एसईसीएल स्कूल और प्रेमनगर सहित कई स्थान शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम को मुख्य राहत केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा।
भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के निर्देश
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सेल्टर सेंटरों में पानी, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित रहें। प्रभावित लोगों के भोजन की व्यवस्था औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि राहत शिविरों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों की भी समीक्षा
बैठक के दौरान आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर टीएल, निगम टीएल, जनचौपाल, पीएमओ पीजी, महापौर की पाती तथा “कनेक्ट टू कमिश्नर” के तहत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और जनसमस्याओं का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
लगातार बारिश के बीच नगर निगम की सक्रियता और तैयारियों को देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि किसी भी आपदा या जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पूरी मशीनरी अलर्ट मोड पर है।
![]() | ![]() | ![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |









































