
बिलासपुर, 30 अप्रैल 2026। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से बिलासपुर रेंज में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। दिनांक 29 अप्रैल 2026 को पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
यह बैठक रेंज स्तरीय पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें रायगढ़, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और जांजगीर-चांपा सहित विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी शामिल हुए।
सुशासन तिहार पर विशेष फोकस
बैठक में बताया गया कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश
आईजी गर्ग ने रेंज में लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों, विशेषकर वर्ष 2024 से पहले के मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। हत्या के मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट को प्राथमिकता से प्राप्त करने पर जोर दिया गया।
पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया होगी सरल
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अब यह प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन पूर्ण की जाएगी और आवेदकों को अनावश्यक रूप से थाने बुलाने या भौतिक दस्तावेज सत्यापन की बाध्यता नहीं होगी।
सुरक्षा व्यवस्था और समन्वय पर जोर
बैठक में माइनिंग क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों की मुसाफिरी दर्ज करने, हाईवे पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाने तथा अन्य राज्यों में जाने वाली पुलिस टीमों को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए।
आईजी गर्ग ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।



