कोरबा। मेडिकल कॉलेज से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय MBBS प्रथम वर्ष के छात्र हिमांशु कश्यप, निवासी बिलासपुर, ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना ने पूरे कॉलेज परिसर में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु हॉस्टल के कमरा नंबर ए/13 में अपने साथी पुष्प राज के साथ रहता था। शनिवार को उसकी फॉलोलॉजी की परीक्षा दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक निर्धारित थी, लेकिन उसने परीक्षा से पहले यह आत्मघाती कदम उठा लिया। जब वह परीक्षा में अनुपस्थित रहा, तो खोजबीन शुरू हुई। हॉस्टल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़ा गया, जहां हिमांशु की लाश कमरे के एंगल से लटकती मिली।
जांच में पता चला कि हिमांशु ने घटना से पहले पास की दुकान से रस्सी खरीदी थी, जिसकी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक साल से पढ़ाई में बैकलॉग का सामना कर रहा था और वर्तमान में MBBS प्रथम वर्ष की परीक्षा दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जिला मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर ने बताया कि हिमांशु तीन पेपर दे चुका था और रविवार को उसका चौथा पेपर था। परीक्षा में अनुपस्थित रहने पर खोजबीन के बाद यह दुखद घटना सामने आई।
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है,और कॉलेज प्रशासन व पुलिस मामले की गहन जांच में जुटे हैं। हॉस्टल में रहने वाले करीब 150 छात्रों के बीच शोक का माहौल है।
इस घटना ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक दबाव जैसे मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।



