
पीड़ितों की शिकायत तत्काल दर्ज कर सहयोग प्रदान करने का निर्देश
कोरबा। प्रदेश सहित शहर में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सायबर पुलिस सहित विभिन्न थाना /चौकी प्रभारियों द्वारा स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस तारतम्य में सायबर थाना प्रभारी ललित कुमार चंद्रा ने गुरुवार को विभिन्न बैंकों और फाइनेंस कंपनियों के अधिकारियों के साथ सायबर थाना रामपुर में उप निरीक्षक अजय सोनवानी, डेमन ओग्रे,प्रशांत सिंह सहित थाना स्टाफ के मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लोन ऐप, और डिजिटल पेमेंट फ्रॉड जैसे मामलों पर गंभीर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठग रहे हैं, जिनमें केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करवाकर खाते से पैसे निकालना, और फर्जी कॉल के जरिए लोन ऑफर देना प्रमुख हैं। ऐसे मामलों में बैंक और वित्तीय संस्थाओं की भूमिका बेहद अहम हो जाती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने ग्राहकों को नियमित रूप से जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की तुरंत सूचना साइबर थाना को दें। साथ ही, सभी बैंकों को अपने सुरक्षा सिस्टम को और मजबूत करने, संदिग्ध खातों की निगरानी बढ़ाने और समय-समय पर ऑडिट कराने के लिए कहा गया।
थाना प्रभारी श्री चंद्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी बैंक या फाइनेंस कंपनी की लापरवाही के कारण ग्राहक के साथ धोखाधड़ी होती है, तो संबंधित संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता दें और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
बैठक में उपस्थित बैंक/फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और साइबर अपराधों से निपटने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
आम नागरिकों से अपील
थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या सायबर थाना या नजदीकी थाने में तत्काल दर्ज कराने की सलाह दी है।



