featuredछत्तीसगढ़

विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, लापरवाह ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर रोहित व्यास

नगरीय निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा, समय-सीमा में काम पूरा कराने के दिए सख्त निर्देश

जशपुरनगर, 8 सितंबर 2026। नगरीय निकायों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 सहित अमृत मिशन, गौरव पथ, नालंदा परिसर समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने लंबित निर्माण कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले आवास का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष आवासों की स्वीकृति तथा निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा निर्माणाधीन मकानों को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।

काम में बाधा डाली तो ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

अमृत मिशन, गौरव पथ और नगरीय क्षेत्रों में संचालित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले ठेकेदारों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर लापरवाह ठेकेदारों के टेंडर निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

नालंदा परिसर के निर्माण में तेजी के निर्देश

बैठक में नालंदा परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परिसर को तैयार कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों की सतत निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण और समय-सीमा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि नगरीय क्षेत्रों के नागरिकों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में नगरीय निकायों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button