featuredछत्तीसगढ़

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 17 अक्टूबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

कलेक्टर रोहित व्यास ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, नोडल अधिकारियों को आश्रम-छात्रावासों के अनिवार्य निरीक्षण के आदेश

जशपुर, 8 सितंबर 2026।प्रदेश में जनसेवा, नागरिक सहभागिता और विकसित भारत @2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एक माह तक चलने वाले इस प्रदेशव्यापी अभियान के तहत ग्राम एवं वार्ड स्तर से लेकर विकासखंड और जिला स्तर तक 12 विविध पहलें आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक परिवारों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

17 सितंबर की संध्या ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या “आशीर्वाद का दीया” पहल से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार दीप प्रज्वलित कर जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत @2047 के निर्माण का संकल्प लेगा। शासन की योजनाओं के लाभार्थियों से घर-घर संपर्क कर उन्हें भी इस पहल से जोड़ा जाएगा।

बच्चों के सपनों में दिखेगा विकसित भारत

अभियान की महत्वपूर्ण पहल “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” के तहत शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों को विकसित भारत की संकल्पना, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी जाएगी। चयनित प्रविष्टियों की जिला एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनियां भी आयोजित होंगी।

इसके अलावा “नमो सेवा गाथा” के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसेवा और सरकारी योजनाओं का संदेश दिया जाएगा। “आंगन का उत्सव” में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सम्मान एवं मातृ संवाद तथा “कहानी बदलाव की” के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक कहानियां सामने लाई जाएंगी।

12 पहलें बनेंगी अभियान का आधार

सेवा संकल्प अभियान के दौरान “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति यात्रा”, “जल जन सेवा संकल्प”, “सेवा—मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार”, “रंगोली राष्ट्र”, “राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज” और “जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट” सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

जिला पंचायत सीईओ होंगे जिला नोडल अधिकारी

अभियान के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं विभिन्न पहलों के अनुरूप संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन भी किया जाएगा।

कलेक्टर ने शासन की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार कर मैदानी टीमों को उपलब्ध कराने तथा ग्राम, वार्ड और विकासखंड स्तर पर जिम्मेदारियां पहले से तय करने के निर्देश दिए। अभियान की गतिविधियों के फोटो-वीडियो अभिलेखीकरण तथा प्रगति की नियमित रिपोर्ट राज्य स्तर पर भेजने के भी निर्देश दिए गए।

आश्रम-छात्रावासों के निरीक्षण में लापरवाही नहीं

बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास ने सभी नोडल अधिकारियों को संबंधित आश्रम एवं छात्रावासों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरुष अधिकारी बालक छात्रावास और महिला अधिकारी कन्या छात्रावास का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना भी अनिवार्य किया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनाया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकसित भारत @2047 के संकल्प को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button