
जांजगीर-चांपा, 17 दिसंबर / कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु 15 दिवसीय ब्युटी पार्लर प्रशिक्षण सह कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन एकीकृत बाल विकास परियोजना बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम हथनेवरा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 04 में किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल, परियोजना अधिकारी ऋचा तिवारी, पर्यवेक्षक रजनी साहू, सखी वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक सुश्री एच. निशा खान सहित संबंधित अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि कार्यशाला में लैक्मे अकैडमी, बिलासपुर की प्रशिक्षिका सुश्री अंजली अग्रवाल एवं सहयोगी ऐश्वर्या द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सौंदर्य सेवाओं का सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें थ्रेडिंग अन्य संबंधित अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों, महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार एवं कैरियर विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही दिव्यांगजनों द्वारा बालिकाओं को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही बालिका सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112 एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।



