featuredछत्तीसगढ़

नाली में पेशाब करने की बात पर शुरू हुआ विवाद, हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 27 जून 2026। सरकंडा थाना क्षेत्र में नाली में पेशाब करने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक 4 आरोपियों और 7 अपचारी बालकों को पकड़ा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार थाना सरकंडा में दर्ज अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत प्रार्थी सनत सारथी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 12 बजे वह प्रभात चौक चिंगराजपारा में टहल रहा था। इसी दौरान नाली में पेशाब करने की बात को लेकर विक्की अहिरवार और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, डंडों और चाकू से हमला कर दिया।

हमले में सनत सारथी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में करीब 15 लोग मुंह ढंककर मारपीट करते दिखाई दिए। तस्दीक के बाद पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों और सात विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर कार्रवाई की थी।

इसी क्रम में फरार चल रहे आरोपी अमन अहिरवार उर्फ नाचू (24 वर्ष) निवासी श्यामनगर मोची मोहल्ला, लिंगियाडीह, सरकंडा की तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button