
सक्ति।जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सक्ती पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सट्टा खेलाते हुए गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को साइबर सेल टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड नंबर 11 सोंठी निवासी सुन्दर दास महंत अपने घर के सामने मोबाइल और कागज के माध्यम से सट्टा खेला रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान अन्य लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जबकि सुन्दर दास महंत को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 7,000 रुपये), सट्टा पट्टी लिखा कागज, एक डॉट पेन और 510 रुपये नगद बरामद किए गए। कुल 7,510 रुपये का सामान जब्त किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में साइबर सेल टीम और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



