
कोरबा,28 अप्रैल 2026। जिले में कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कटघोरा पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन जांच की गई।


पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना कटघोरा, पाली और पसान क्षेत्रों में विशेष टीम गठित कर होटल, लॉज और ढाबों की जांच की गई। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में चले इस अभियान में एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह और प्रधान आरक्षक निलेन्द्र सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

चेकिंग के दौरान कटघोरा-अंबिकापुर रोड स्थित पंजाबी ढाबा, बिलासपुर रोड स्थित गगन होटल और काके ढाबा सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कहीं भी अवैध शराब बिक्री या परोसने जैसी गतिविधि सामने नहीं आई।

हालांकि, पुलिस ने सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहें। थाना पसान क्षेत्र में संचालित प्रतिष्ठानों को लिखित नोटिस जारी कर बिना वैध पहचान पत्र के किसी को ठहराने पर रोक लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले तानाखार क्षेत्र के कंचन ढाबा को नियमों के उल्लंघन पर सील किया जा चुका है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।



