बीच-बचाव करने आए युवक पर भी किया चाकू से वार, सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
कोरबा। पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में पीड़ित के घर के पास पहुंचकर पहले गाली-गलौज की और फिर सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी आरोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आछीमार निवासी कुंदन भट्ट (35 वर्ष) ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2026 को गांव के ही जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर घर बुलाया था। सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर शराब के नशे में उसके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान आरोपी ने अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन के पेट पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे आशिष भट्ट को भी आरोपी ने चाकू मार दिया, जिससे उसके हाथ की उंगली में चोट आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने घर से पकड़ा आरोपी, चाकू भी जब्त
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जोगी राम मिरी (29 वर्ष), पिता फोटुलाल, निवासी ग्राम आछीमार को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चाकू से हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया।
मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी का नाम: जोगी राम मिरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम आछीमार, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।
जब्ती: घटना में प्रयुक्त एक हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू।
सिविल लाइन रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई से पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।







