featuredछत्तीसगढ़

दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय करने हेतु चिन्हाकन सुनिश्चित करें-कलेक्टर आकाश छिकारा

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और लक्ष्य पूर्ति के दिए निर्देश

जगदलपुर, 09 सितम्बर 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में जिला स्तरीय समय सीमा बैठक संपन्न हुई, जिसमें शासन की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं, अधोसंरचना विकास और लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान पर गहन विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने जगदलपुर में आगामी 5 से 7 अक्टूबर तक आयोजित दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय शिविर में जिले के अधिकाधिक दिव्यांगजनों को लाभांवित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत सहित नगरीय निकायों के अंतर्गत जरूरतमंद दिव्यांगजनों का चिन्हाकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इन दिव्यांगजनों को शिविर में लाभांवित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त  प्रवीण वर्मा और सहायक कलेक्टर यशवंत नायक समेत जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी तहसीलदार, जनपद सीईओ और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।

बैठक की शुरुआत में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने इस अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के पहले दिन प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलित कर सकारात्मक माहौल बनाया जाए, साथ ही शालेय स्तर पर बच्चों के लिए निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता का व्यापक आयोजन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिले में पंजीयन और इंस्टॉलेशन की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ तंत्र को सक्रिय कर शत-प्रतिशत पात्र परिवारों के आवेदन जमा कराएं। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड ई-केवाईसी के लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द शून्य करने के लिए ग्राम पंचायतवार सचिवों और सीएससी ऑपरेटरों की टीम बनाकर काम को मिशन मोड में पूरा करने को कहा गया। राजस्व से जुड़े मामलों में नक्शा बटांकन, फौती नामांतरण और सीमांकन की स्थिति की समीक्षा में कलेक्टर ने बकावंड, दरभा और नानगुर तहसीलदारों को आपसी समन्वय से दैनिक प्रगति रिपोर्ट साझा करने और सभी लंबित प्रकरणों का तेजी से निपटारा करने की हिदायत दी। बैठक के दौरान आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विशेष दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर की तैयारियों की अलग से विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग, जनपद पंचायतों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी ब्लॉकों से छूटे हुए दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें शिविर स्थल तक लाया जाए, ताकि उनका विधिवत स्वास्थ्य परीक्षण कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी हो सके तथा कैलिपर्स, व्हीलचेयर, वॉकर व हियरिंग एड जैसे आवश्यक सहायक उपकरणों का वितरण सुगमता से किया जा सके। इसके साथ ही जिले में गंभीर स्वास्थ्य समस्या बने सिकल सेल की रोकथाम हेतु आयोजित होने वाले विशेष सिकलसेल जांच एवं उपचार शिविरों की पृथक से समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सिकलसेल संदिग्धों और विशेषकर बच्चों व युवाओं की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। शिविरों में जांच रिपोर्ट के आधार पर रोगियों को समय पर परामर्श, नियमित दवाइयां और आवश्यक उपचार कार्ड उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अमले को पूरी तत्परता से जुटने को कहा गया। साथ ही निर्माण कार्यों की पूर्ण करने सहित उनके पूर्णता प्रमाण पत्र समय पर जारी करने हेतु संबंधित निर्माण एजेंसीज को निर्देशित किया गया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button