वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, चश्मा मशीन सहित अन्य उपकरण पार किए थे चोरों ने, पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में सीएसईबी के 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र के निर्माण स्थल से करीब एक लाख रुपये मूल्य के उपकरणों की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए उपकरण भी बरामद किए हैं।
मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के साडा कॉलोनी निवासी सुधीर जैन (63 वर्ष) ने 30 अक्टूबर 2025 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया था कि उनकी फर्म सिद्धि विनायक एसोसिएट्स, आनंद कुमार सिंघानिया की निर्माण कंपनी में सब- कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्य कर रही है। कंपनी द्वारा सीएसईबी के 1320 मेगावाट संयंत्र का निर्माण कराया जा रहा है।
शिकायत के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने निर्माण स्थल से कई महत्वपूर्ण उपकरण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में दो वेल्डिंग मशीन, पांच इंच के ग्राइंडर, केबल, चश्मा मशीन, प्लाई कटर, वायर कटर मशीन सहित अन्य उपकरण शामिल थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई।
पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेही रोहित शुक्ला एवं संदीप भोई को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से चोरी की पुरानी इस्तेमाल की गई दो VIVGO Plus कंपनी की वेल्डिंग मशीन, एक 14 इंच की Bosch कंपनी की चश्मा मशीन, दो 4 इंच के प्लाई कटर तथा एक 7 इंच की पुरानी ग्राइंडर मशीन बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद उपकरणों को विधिवत जब्त कर साक्ष्य के रूप में शामिल किया। इसके बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर 2026 को रोहित शुक्ला और संदीप भोई को गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
निर्माण स्थल की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
सीएसईबी जैसे महत्वपूर्ण विद्युत परियोजना के निर्माण स्थल से करीब एक लाख रुपये के उपकरणों की चोरी की घटना ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा हुआ और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
उपरोक्त कार्यवाही में PSI रविन्द्र निकुंज, सहायक उप निरीक्षक संतोष तांडी,प्रधान आरक्षक उमा शंकर सिंह, आरक्षक अजय यादव,मनोज यादव,गौरव चंद्रा,कृष्णा भारद्वाज सहित थाना स्टाफ का योगदान रहा।





