बालकों को लैंगिक अपराधों से बचाव और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक, विधिक सेवा प्राधिकरण एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल

कोरबा। सामुदायिक जागरूकता अभियान के तहत 31 अक्टूबर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलकेजा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, बाल सुरक्षा तथा बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
यह संयुक्त कार्यक्रम विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के सुरक्षित बचपन अभियान एवं स्वास्थ्य विभाग के मनोरोग विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री पद्माकर शिंदे के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में जिला न्यायालय की सचिव कु. डिम्पल तथा मनोरोग विभाग से साइकोसोशल वर्कर (PSW) ताराचंद श्रीवास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान विद्यार्थियों को बच्चों के अधिकारों, लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, किसी भी अनुचित व्यवहार के प्रति सतर्क रहने तथा ऐसी परिस्थितियों में उचित सहायता प्राप्त करने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने, अपनी समस्याओं को साझा करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने के महत्व पर भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण, अपने अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा। स्वास्थ्य विभाग एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की इस संयुक्त पहल को बच्चों के सुरक्षित भविष्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





