कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित हुआ कार्यक्रम, जिले के सभी थाना-चौकियों में भी पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों ने देखा सीधा प्रसारण


कोरबा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस कोरबा जिले में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित भव्य ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागृह में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, युवाओं, गणमान्य नागरिकों और पुलिस परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में हुआ आयोजन
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गुजरात के एकता नगर में आयोजित एकता परेड का सीधा प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा।

इस दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, युवक-युवतियां, पत्रकार, शहर के गणमान्य नागरिक और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी अपने परिवारजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

जिले के सभी थाना-चौकियों में भी दिखा एकता परेड का प्रसारण
राष्ट्रीय एकता दिवस को जिलेभर में व्यापक सहभागिता के साथ मनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। कोरबा जिले के समस्त थाना, चौकी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण किया गया। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस तरह जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ थाना- चौकियों तक पुलिस विभाग की सहभागिता देखने को मिली।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान देश की रियासतों के एकीकरण और भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया गया। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, अनुशासन तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों का महत्व बताया गया।
एकता और अखंडता के संकल्प के साथ संपन्न हुआ आयोजन

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षण संस्थानों, युवाओं, पत्रकारों और आम नागरिकों की सहभागिता के साथ कोरबा में ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाला आयोजन बना।





