जगदलपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), जगदलपुर (बस्तर) द्वारा बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों एवं कानूनी जागरूकता को लेकर संचालित “सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत 30 अक्टूबर 2026 को सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02, जगदलपुर में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, जगदलपुर माननीय श्रीमती डेसी पटेल उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
गलत व्यवहार पर चुप्पी नहीं, तुरंत करें शिकायत
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारी ने छात्राओं को समझाया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न अथवा शोषण की स्थिति में चुप रहना उचित नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में बिना किसी डर या संकोच के तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित विधिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में पॉक्सो अधिनियम 2012 सहित बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा के बुनियादी नियमों की जानकारी देते हुए ‘गुड टच और बैड टच’ के बीच अंतर समझाया गया। छात्राओं को किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में सतर्क रहने, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा तत्काल उचित कदम उठाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें शोषण, उत्पीड़न और असुरक्षित परिस्थितियों से बचाव के प्रति जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्था प्रमुख श्री रजी वर्गिस सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने सुरक्षित बचपन अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।





