कोरबा/रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य शासन ने राज्य पुलिस सेवा के 33 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके साथ ही 12 नवपदोन्नत डीएसपी को भी नई पदस्थापना दी गई है। जारी आदेश के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।



कटघोरा को मिला नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
तबादला सूची में कोरबा जिले को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। बिलासपुर में पदस्थ रामगोपाल करियारे को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा), जिला कोरबा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कटघोरा में पदस्थ नीतीश कुमार ठाकुर का तबादला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बेमेतरा के पद पर किया गया है।
इसी तरह कोरबा में पदस्थ देवेन्द्र कुमार सिंह को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), सरगुजा भेजा गया है। इस फेरबदल से कोरबा पुलिस विभाग में भी नई प्रशासनिक व्यवस्था देखने को मिलेगी।
कई जिलों में बदले गए पुलिस अधिकारी
जारी आदेश के अनुसार रिचा मिश्रा को बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) बनाया गया है। शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय को बलरामपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। बंतूराम भगत और अभिषेक माहेश्वरी सहित कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
इसके अलावा रायपुर नगरीय पुलिस, धमतरी, बेमेतरा, सरगुजा, बालोद, कोरिया, सूरजपुर, सुकमा और अन्य जिलों में भी पुलिस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।
प्रशासनिक कसावट के लिहाज से अहम फेरबदल
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालना होगा।





