मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया की अनूठी पहल, गायन-नृत्य प्रतियोगिता के जरिए दिया समानता और समावेशिता का संदेश; साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी किया जागरूक



रायपुर,मेघा तिवारी। मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टैलेंट 2.0’ गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता में दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस आयोजन में 6 से 20 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ समाज में समानता, समावेशिता और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मारुति फाउंडेशन की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने दिव्यांग एवं सामान्य बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जरूरत है तो उसे पहचानकर प्रोत्साहित करने की। वहीं विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी क्षमताओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विख्यात शल्य कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सुजन कुमार वाणी की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में गौ रक्षा एवं गौसेवा के क्षेत्र में सक्रिय विक्रांत शर्मा और उमेश बिसेन तथा राष्ट्र बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रवि हिन्दुस्तानी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाली सोनल शर्मा का भी विशेष सम्मान किया गया।


कार्यक्रम में बजरंग दल के संस्थापक एवं पूर्व प्रदेश संयोजक दीपक दुबे, प्रांत मंत्री अशोक दुल्हानी, राष्ट्र बजरंग दल के प्रदेश संयोजक भीम साहू, छत्तीसगढ़ बजरंग दल के प्रदेश संयोजक विजेंद्र वर्मा, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश संयोजक योगेश सैनी तथा राष्ट्र बजरंग दल के दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष बंटी बजाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल ने परखी प्रतिभागियों की कला

गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छायांकन निर्देशक रोनी चंदेल, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नृत्यांगना एकता पंसारी, छत्तीसगढ़ आइडल संदीप रॉय जाधव, समाजसेविका नेहा पांडेय तथा गायिका एवं आध्या शक्ति महिला मंच की अध्यक्ष श्वेता घुरई शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। हेरिटेज इंडिया की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।


सहयोगी संस्थानों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में ITSA HOSPITAL, RADIANT HOSPITAL, EXPERTEETH LUXE, DR. NEHA’S EYE CARE, PINK N WHITE HOSPITAL और LITTLE GEM SCHOOL का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा कोपल वाणी, अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल प्रबंधन, तनुश्री दास और विवेक तिवारी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतिभा के सम्मान के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
‘टैलेंट 2.0’ केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने दिव्यांग और सामान्य बच्चों को एक मंच पर लाकर सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समान अवसर देने का प्रेरणादायी संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों, समाजसेवियों के सम्मान और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता जैसे प्रयासों ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक परिस्थिति की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल उसे उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।






