सरदार वल्लभभाlई पटेल की 150वीं जयंती पर नेताजी चौक से हाईस्कूल मैदान तक आयोजित हुआ Run for Unity कार्यक्रम, एकता और अखंडता का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में जांजगीर में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच एकता दौड़ (Run for Unity) का आयोजन किया गया। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पूर्व सांसद, जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन सुबह 7 बजे जिला मुख्यालय जांजगीर में किया गया। एकता दौड़ का शुभारंभ नेताजी चौक से कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय एवं भूतपूर्व सांसद कमला देवी पाटले की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। दौड़ कचहरी चौक होते हुए मुख्य मार्ग से गुजरकर हाईस्कूल मैदान के सामने स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल गार्डन पहुंची, जहां लौह पुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया था। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, जेल अधीक्षक डीडी टोंडर, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, निरीक्षक एवं थाना प्रभारी अजाक सावन कुमार सारथी तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस एकता दौड़ के माध्यम से लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।





