विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से बच्चों को लैंगिक अपराधों के प्रति किया जागरूक

कोरबा, 31 अक्टूबर 2026। सामुदायिक जागरूकता अभियान के तहत 30 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरकोमा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा एवं स्वास्थ्य विभाग के मनोरोग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) पद्माकर शिंदे के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला न्यायालय की सचिव कु. डिम्पल तथा मनोरोग विभाग से साइकोसोशल वर्कर (PSW) ताराचंद श्रीवास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्य, बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों, उनसे बचाव, जागरूकता एवं कानूनी संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना या शोषण की स्थिति में बिना डर के अभिभावकों, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, अपनी समस्याओं को साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित परामर्श एवं सहायता लेने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। इस संयुक्त पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।





