
रायगढ़, 12 जून 2026। जिले के महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला से दोबारा संपर्क स्थापित कर वर्षों तक उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक और आर्थिक शोषण किया।
पुलिस के अनुसार कोतरारोड़ क्षेत्र की 33 वर्षीय विवाहित महिला ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी निवासी अनिल ईजारदार ने फेसबुक के जरिए पुनः संपर्क में आने के बाद उसका विश्वास जीतकर वर्ष 2020 में कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि सामाजिक बदनामी के डर से वह आरोपी के दबाव में रही। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया तथा किस्तों में जेवरात और नगद मिलाकर करीब 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की। आरोपी लगातार और पैसों की मांग कर रहा था, जिससे परेशान होकर महिला मानसिक तनाव में आ गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने देर रात सारंगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी में दबिश देकर आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 13 Y 8772 तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
उक्त कार्यवाही में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर ASP अनिल सोनी,DSP उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, प्रधान आरक्षक संदीप भगत तथा आरक्षक राज सोनी की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर हुई पहचान का कोई व्यक्ति गलत फायदा उठाकर ब्लैकमेल या शोषण करने का प्रयास करे तो महिलाएं बिना डर के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। रायगढ़ पुलिस प्रत्येक पीड़िता को संवेदनशीलता के साथ सहायता और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
![]() | ![]() | ![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |









































