featuredकोरबाछत्तीसगढ़

पांच वार्डों को मिली 76 लाख के विकास कार्यों की सौगात, कहीं लोकार्पण तो कहीं भूमिपूजन

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने विकास कार्यों का किया शुभारंभ, बोले—कोरबा के विकास में धनराशि की कमी नहीं

कोरबा, 1 अगस्त 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 और 66 में विकास की रफ्तार को नई गति मिली है। इन पांच वार्डों में करीब 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर  संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 36.58 लाख रुपये के पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 39.38 लाख रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, वार्ड पार्षदों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

स्कूल भवन और सामुदायिक भवन जनता को समर्पित

वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल में 16.58 लाख रुपये की लागत से शासकीय माध्यमिक शाला में निर्मित नवीन भवन एवं शौचालय तथा वार्ड क्रमांक 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। मंत्री देवांगन एवं महापौर राजपूत ने दोनों विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया।

वहीं विभिन्न वार्डों में करीब 39.38 लाख रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें भैरोताल में दुर्गा मंदिर परिसर की छत एवं कांक्रीट कार्य, खम्हरिया में सांस्कृतिक मंच, कुसमुण्डा प्रोजेक्ट एमएस में बालक-बालिका शौचालय, वालबाड़ी अतिरिक्त कक्ष, इमलीछापर परसाभांठा में मंच तथा आनंदनगर में नवधा पंडाल के पास मंच एवं शेड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

मंत्री बोले—तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना विकास को गति मिल रही है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिली है तथा छत्तीसगढ़ नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है।

महापौर बोलीं—निगम क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विकास कार्यों के लिए धनराशि की कमी नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग से उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन विभिन्न मदों से लगातार नए विकास कार्य स्वीकृत करा रहे हैं।

महापौर ने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में निगम क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों पर जो विश्वास जताया है, उसके अनुरूप उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता निगम की प्राथमिकता है।

67 वार्डों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास का दावा

निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री के मार्गदर्शन और महापौर के नेतृत्व में कोरबा लगातार विकास की ओर अग्रसर है। निगम के सभी 67 वार्डों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नागरिकों की जरूरत और मांग के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, एल्डरमेन, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button