खरसिया के बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में वारदात को दिया था अंजाम, युवती के मित्र को डंडे से पीटकर किया था बेहोश; मोबाइल में मिले अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो की भी जांच कर रही पुलिस

रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती के मित्र को डंडे से बेरहमी से पीटकर बेहोश करने के बाद दो आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 14 नवंबर 2026 को अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमते हुए दोपहर में रॉक गार्डन बोतल्दा पहुंच गए। इसी दौरान सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये और उसके मित्र से 10 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद युवक के सिर और शरीर पर डंडे से वार कर उसे बेहोश कर दिया।
युवक के बेहोश होने पर दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को इसकी जानकारी देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को दी। एसएसपी ने एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की पहचान कर उनके फोटो पीड़िता को दिखाए। पहचान की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण भी कराया।
आईफोन, डंडा और लूट की रकम जब्त
पुलिस पूछताछ एवं आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल के कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में प्रयुक्त आईफोन और लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपी राहुल पटेल से 3,000 रुपये एवं वारदात में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल की जांच के दौरान अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इनकी सत्यता और संबंधित मामलों को लेकर आगे जांच कर रही है।दोनों आरोपीयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है
1. राहुल पटेल (21 वर्ष), पिता खुलेश्वर पटेल, निवासी बोतल्दा, थाना खरसिया।
2. फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष), पिता कुसुम प्रसाद पटेल, निवासी बोतल्दा, थाना खरसिया।
दोनों आरोपी निजी कंपनियों में मजदूरी का काम करते हैं। खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 309(6) एवं 70 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी ने कहा- महिला संबंधी अपराधों पर होगी कठोर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस गंभीर मामले का त्वरित खुलासा करने में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह, सत्या सिदार, योगेश साहू, सूरज साहू, अनूप मिंज सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







