मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने दो दिनों में महिलाओं को बनाया था निशाना, विवो मोबाइल और करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद
कोरबा। शहर में दिनदहाड़े राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने वाले आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लूट की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में शामिल मुख्य आरोपी दीपक साहू (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को विधि से संघर्षरत बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में कुल लगभग 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में 3 और 4 नवंबर 2026 को महिलाओं से पर्स लूटने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 3 नवंबर को शाम करीब 4:07 बजे की है। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने पंचनुमा हथियार दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।
दूसरी वारदात 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला राज
लगातार दो दिनों तक महिलाओं को निशाना बनाकर हुई लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए, जबकि खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था।
मोबाइल और नकदी बरामद, आरोपी जेल भेजने की तैयारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक घटना में लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए। मुख्य आरोपी दीपक साहू को 5 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं, उसके दोनों नाबालिग साथियों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी: दीपक साहू पिता अमर लाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।
पुलिस की अपील: महिलाओं से पर्स लूट की घटनाओं के खुलासे के साथ पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।





