जनजातीय गौरव दिवस पर उमड़ा आदिवासी समाज का जनसैलाब, खराब मौसम के चलते नहीं उतर सका भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हेलिकॉप्टर, वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित
रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।
समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया गया। आयोजन के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी तक जनजातीय महापुरुषों के विचारों को पहुंचाने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री साय और स्मृति ईरानी की मौजूदगी रही खास
जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनजातीय समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
खराब मौसम ने रोका नितिन नवीन का दौरा
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होने वाले थे, लेकिन खराब मौसम और घने कोहरे के कारण उनका हेलिकॉप्टर धरमजयगढ़ में लैंड नहीं कर सका। सुरक्षा एवं विमान संचालन संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की और जनजातीय समाज को संबोधित किया।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज के गौरव, अस्मिता, संस्कृति और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर बना।







