39 से 41 वर्षों तक विद्युत उत्पादन एवं संयंत्र की सेवा में दिया महत्वपूर्ण योगदान, अधिकारियों ने स्मृतिचिह्न और सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर किया सम्मानित

कोरबा, 02 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम से अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त हुए कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) हेमंत कुमार सिंह एवं कनिष्ठ पर्यवेक्षक नवल कुमार कुजूर को पावर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। रविंद्र सांस्कृतिक भवन (सीनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों के लंबे सेवाकाल, समर्पण और उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके. गुप्ता ने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय तक संस्थान के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने पावर कंपनी की ओर से उनके योगदान के लिए आभार जताया। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।
500 मेगावाट विस्तार परियोजना में रहा अहम योगदान
कार्यपालक निदेशक हेमंत कुमार सिंह को पावर सेक्टर में कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन का विशेषज्ञ माना जाता है। कोरबा पश्चिम की 500 मेगावाट विस्तार परियोजना के इरेक्शन एवं कमीशनिंग तथा 210 मेगावाट की इकाइयों में डिजिटल कंट्रोल सिस्टम के कार्य को पूर्ण कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके तकनीकी अनुभव और कार्यकुशलता ने संयंत्र की उत्पादन व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी ने अपने 39 से 41 वर्षों के दीर्घ सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, मार्गदर्शन और पावर कंपनी परिवार से जुड़े आत्मीय संबंधों को याद किया।
अधिकारियों और सहकर्मियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके. पांडे, एके. शाह, केएनबी. राव, एसके. नायर, एससी. पाठक, एसके. जायसवाल, परियोजना प्रबंधक एसके. पंड्या एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके. कुरनाल उपस्थित रहे। वहीं मुख्यालय रायपुर से कार्यपालक निदेशक (परियोजना) सुभाष शर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (परियोजना) आयुष्मान ठाकर, पीजीटीआई कोरबा पूर्व के कार्यपालक निदेशक एसके. बंजारा, डीएसपीएमटीपीएस कोरबा पूर्व के मुख्य अभियंता संजीव कंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ पर्यवेक्षक रविंद्र साहू ने किया। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी के जीवन परिचय तथा सेवाकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अधीक्षण अभियंता (मानव संसाधन) मनोज मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता (सेवानिवृत्त) पीके. स्वेन, पीके. श्रीवास्तव, आशुतोष देवांगन, प्रशांत बापट, पीके. जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। समारोह आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ।





