देश

सरकारी क्वार्टर में पत्नी को जिंदा जलाया, पूर्व SDO गिरफ्तार

। पत्नी को जलाकर मार डालने के आरोपी हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को अंततः गिरफ्तार कर लिया गया है। वह रांची के जगन्नाथपुर थाना में छिपकर रह रहे थे। हजारीबाग सदर सब डिवीजन के एसडीपीओ अमित आनंद ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्हें रांची से हजारीबाग लाया जा रहा है। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पूर्व एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी अनिता कुमारी प‍िछले साल 26 दिसंबर को हजारीबाग स्थित सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों के बीच आग लगने से बुरी तरह झुलस गई थीं। बाद में रांची के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में अनिता कुमारी के भाई राजू कुमार गुप्ता ने एसडीओ और उनके परिवार के लोगों पर उनकी बहन को जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया गया था कि आरोपी एसडीओ का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है। इस वजह से वह पत्नी को प्रताड़ित करते थे। इसके पूर्व एसडीओ की पत्नी ने भी अपने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इस घटना को लेकर हजारीबाग शहर में मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक लोहसिंगना थाने का घेराव और प्रदर्शन किया था। यह घटना सामने आने के बाद से झारखंड सरकार ने उन्हें इस पद से हटाकर रांची में प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग भेज दिया था। यहां योगदान करने के बाद वह लगातार अवकाश पर चल रहे थे।
मामला तूल पकड़ने के बाद झारखंड के डीजीपी ने संज्ञान लेते हुए उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। आरोपी अशोक कुमार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हजारीबाग जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने 31 जनवरी को उनकी अर्जी खारिज कर दी थी। दो दिन पहले पुलिस ने इस मामले के सह अभियुक्त अशोक कुमार के पिता को भी गिरफ्तार किया था।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button