featuredकोरबाछत्तीसगढ़

ग्राम सभा में ग्रामीणों ने लिया विकसित भारत ग्राम का संकल्प

जनसंवाद 2.0 के तहत रोजगार, अधिकार और ग्राम विकास में जनभागीदारी को मिला बढ़ावा

कोरबा,21 अगस्त 2026। विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों, ग्रामीणों के अधिकारों तथा ग्राम विकास में जनभागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की ग्राम पंचायतों में 20 अगस्त को जनसंवाद 2.0—विकसित भारत ग्राम संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम सभाओं को ग्रामीणों की सहभागिता, सुझाव और संवाद का प्रभावी मंच बनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव की प्राथमिकताओं के निर्धारण, रोजगार अधिकार, पंचायत से संवाद, विकास संबंधी सुझाव तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य ग्राम विकास में सामुदायिक स्वामित्व और जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।

वोटिंग वॉल से तय की गांव की प्राथमिकताएं

ग्रामीणों ने जल संरक्षण, खेत-तालाब, ग्रामीण सड़क, वृक्षारोपण, आजीविका आधारित कार्य एवं सामुदायिक परिसंपत्तियों जैसे विकास कार्यों में अपनी प्राथमिकताएं वोटिंग वॉल के माध्यम से दर्ज कीं। सर्वाधिक मत प्राप्त तीन प्राथमिकताओं को चिन्हित कर ग्राम सभा के अभिलेख में दर्ज किया गया।

125 दिन रोजगार—मेरा अधिकार की ली शपथ

ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से रोजगार, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी से जुड़े अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा ग्राम विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने की शपथ ली।

जनता पूछे, पंचायत बताए—खुला संवाद

संवाद मंच के माध्यम से ग्रामीणों ने रोजगार की मांग की प्रक्रिया, 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, भुगतान व्यवस्था, शिकायत निवारण तथा विकसित ग्राम पंचायत योजना से जुड़े प्रश्न पूछे। पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मचारियों ने सरल भाषा में ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

विकसित भारत संदेश कार्ड में दर्ज किए सुझाव

प्रत्येक परिवार को संदेश कार्ड उपलब्ध कराया गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपने गांव में अपेक्षित विकास एवं बदलाव से जुड़े सुझाव लिखे। इन सुझावों को संकलित कर आगामी विकसित ग्राम पंचायत योजना में उपयोग के लिए सुरक्षित रखा गया।

तिरंगे के साथ दिया विकसित गांव का संदेश

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने तिरंगा लेकर “मेरा संकल्प—विकसित गांव, विकसित भारत” का संदेश दिया। इस गतिविधि के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को ग्राम विकास एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा गया।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button