featuredछत्तीसगढ़

किराए के बहाने जेसीबी- हाइवा लेकर फरार होने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 5 आरोपी गिरफ्तार

3 साल से छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश में चला रहे थे ठगी का नेटवर्क, लाखों रुपये के वाहन बरामद

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने किराए पर भारी वाहन लेकर फरार हो जाने और उन्हें दूसरे राज्यों में बेचने वाले अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना अकलतरा पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

किराए का झांसा देकर ले गए जेसीबी

मामले में पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी जेसीबी क्रमांक CG-10-CC-8743 को किराए पर देने के लिए संपर्क किया था। आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये मासिक किराया और 50 हजार रुपये अग्रिम भुगतान का झांसा देकर जेसीबी अपने कब्जे में ले ली। वाहन मिलते ही आरोपियों ने मोबाइल फोन बंद कर दिए और जीपीएस डिवाइस भी निकाल दिया।

जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर मिलने पर प्रार्थी को ठगी का संदेह हुआ, जिसके बाद थाना अकलतरा में मामला दर्ज कराया गया।

जांच में खुला करोड़ों के नेटवर्क का राज

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किरायानामा या खरीद-बिक्री का सौदा कर वाहन अपने कब्जे में लेते थे और बाद में उन्हें दूसरे राज्यों में बेच देते थे। वाहन के नंबर बदलकर उनकी पहचान छिपाई जाती थी।

जांच में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ, जिनमें जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर को फर्जी सौदों के जरिए हड़पकर बेचने की जानकारी मिली।

मास्टरमाइंड भरत गुप्ता चित्रकूट से गिरफ्तार

पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी भरत गुप्ता को चित्रकूट-जबलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में भी जेसीबी ठगी का मामला दर्ज है। पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी गई जेसीबी बरामद की गई।

जब्त किए गए वाहन और सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

– 02 जेसीबी मशीन

– 01 हाइवा वाहन

– 01 टाटा सफारी

– सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा मोबाइल

– वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी

1. तीरथराज कुर्रे (21 वर्ष), बकरकूदा, बिलासपुर

2. राहुल खांडे (24 वर्ष), खम्हरिया, बिलासपुर

3. सन्नी लाल पाटले (35 वर्ष), बम्हनीन, अकलतरा

4. शिवम जायसवाल (28 वर्ष), त्रिवेणी नगर, जबलपुर

5. भरत गुप्ता (47 वर्ष), व्यापार विहार बिलासपुर/विजय नगर जबलपुर

पुलिस की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को वाहन किराए पर देने से पहले उसका पूर्ण सत्यापन अवश्य करें। साथ ही वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में वाहन की लोकेशन ट्रैक की जा सके।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर, आरक्षक महेंद्र राज, शेष नारायण साहू, राजा जयप्रकाश रात्रे एवं अंजनी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button