भव्य दरबार, अखंड ज्योत, इत्र वर्षा और छप्पन भोग ने मोहा मन; भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु


कोरबा। ग्राम बुंदेली स्थित निर्माणाधीन श्री सालासर धाम परिसर में शनिवार को 12वां श्री श्याम महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम करीब 6:15 बजे शुरू हुआ धार्मिक आयोजन सुबह तक चलता रहा। पूरी रात परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंजता रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आए।

श्री बालाजी सेवा संघ एवं श्री श्याम अखाड़ा परिसर में आयोजित इस महोत्सव में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। अखंड ज्योत, चुनरी उत्सव, इत्र वर्षा और छप्पन भोग जैसे धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। भजन प्रवाहकों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे।
श्री श्याम रसोई बनी सेवा का केंद्र
महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ श्री श्याम रसोई विशेष आकर्षण रही। यहां श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने सेवा और प्रसाद के माध्यम से सामाजिक एकता, अपनत्व और सहयोग का संदेश दिया।
आकार ले रहा भव्य सालासर धाम
बुंदेली में निर्माणाधीन श्री सालासर धाम आने वाले समय में क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में पहचान बना सकता है। मंदिर निर्माण के साथ शिखर बंधन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की गतिविधियां इस परिसर को श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना रही हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह धार्मिक स्थल कोरबा की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी नई दिशा देगा।
गणमान्य नागरिकों ने बाबा श्याम के किए दर्शन


12 वें श्याम महोत्सव में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नगर निगम कोरबा सभापति नूतन सिंह ठाकुर, समाजसेवी केदारनाथ अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अतिथियों ने बाबा श्याम के दर्शन कर आयोजन में सहभागिता की और आयोजकों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
धार्मिक आयोजन बना सामाजिक एकता का मंच
औद्योगिक नगरी कोरबा में आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेलजोल का भी माध्यम बना। शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु एक ही दरबार में एकत्र हुए। रातभर चले आयोजन में भक्ति, सेवा और सामाजिक सहभागिता का संगम देखने को मिला। 12वें श्याम महोत्सव ने बुंदेली को एक बार फिर बाबा श्याम की भक्ति के रंग में रंग दिया।





