featuredछत्तीसगढ़

करही गोलीकांड : मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जांजगीर-चांपा, 27 मई 2026। बहुचर्चित करही गोलीकांड मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन हंट” के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात ग्राम करही में तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में TECHINT और HUMINT से मिली सूचनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आर्थिक प्रतिस्पर्धा और रंजिश बनी हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उधारी के पैसों को लेकर मृतक के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। साथ ही मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक स्थिति, व्यवसायिक प्रभाव और रेत कारोबार में प्रतिस्पर्धा के कारण आरोपी उससे जलन और द्वेष रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।

मुख्य आरोपी गनपत बघेल ने पुलिस को बताया कि उसने हाईवा और जेसीबी मशीन लोन पर खरीदी थी तथा अवैध रेत परिवहन का कार्य करता था। मृतक आयुष कश्यप भी रेत कारोबार में सक्रिय था और कम कीमत पर रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था। इससे आरोपी को आर्थिक नुकसान हो रहा था और वाहन की किस्तें चुकाने में परेशानी आ रही थी।

ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात आरोपी पहले से मृतक के घर के आसपास मौजूद थे। सहयोगियों ने पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़े, फिर घर में घुसकर मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई को भी गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने पूर्व में आरोपी हेमंत कुमार बघेल, भूषण बघेल और अमित टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। अब मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button