35 करोड़ रुपये की लागत से जामगांव में बना विद्युत उपकेंद्र, 185 गांवों के 52 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति

रायपुर, 23 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के केशकाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, वनभूमि संबंधी प्रक्रियाओं, बड़ी-बड़ी चट्टानों, ईंधन संकट और भारी बारिश जैसी चुनौतियों के बीच निर्मित 132/33 केवी उपकेंद्र केशकाल का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकार्पण किया। कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत जामगांव में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस उपकेंद्र से क्षेत्र के 185 गांवों के करीब 52 हजार बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

कम वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति से मिलेगी राहत
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की पूंजी निवेश योजना के तहत स्वीकृत इस परियोजना की आवश्यकता क्षेत्र में बढ़ती आबादी, विकास गतिविधियों और कृषि विस्तार के चलते महसूस की जा रही थी। केशकाल क्षेत्र में लंबे समय से कम वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए इस उपकेंद्र का निर्माण किया गया है।
वनभूमि डायवर्जन की अनुमति संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत सरकार से दिसंबर 2024 में निर्माण की अनुमति मिली। इसके पश्चात 17 अप्रैल 2025 को परियोजना का भूमिपूजन किया गया।
निर्माण के दौरान आईं कई बड़ी बाधाएं
उपकेंद्र के निर्माण में बिजली कंपनी को कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। निर्माण स्थल पर विशाल चट्टानें मिलने से काम प्रभावित हुआ। प्रशासन के सहयोग से रासायनिक विस्फोटकों और भारी मशीनों की मदद से चट्टानों को हटाया गया।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण उत्पन्न ईंधन संकट और भारी बारिश ने भी निर्माण कार्य की गति को प्रभावित किया। ट्रांसफार्मर की आपूर्ति में विलंब होने पर कंपनी ने दूसरे उपकेंद्र के लिए स्वीकृत ट्रांसफार्मर को यहां स्थापित कर परियोजना को समय पर पूरा करने की दिशा में कदम उठाया।
डेढ़ माह में तैयार की गई महत्वपूर्ण विद्युत लाइन
उपकेंद्र को विद्युत ग्रिड से जोड़ने के लिए 132 केवी लाइन तथा 132 केवी कोण्डागांव-कांकेर लाइन को लीलो (लाइन इन लाइन आउट) किया गया। इसके तहत 0.3 किलोमीटर लंबी मल्टी सर्किट लाइन तैयार की गई। इस महत्वपूर्ण लाइन का निर्माण महज डेढ़ माह के अल्प समय में पूरा किया गया।
13 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में उपकेंद्र का सफल परीक्षण किया गया और उसे ऊर्जीकृत कर दिया गया।
185 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नए उपकेंद्र से केशकाल, बटराली, विश्रामपुरी, बांसकोट, अडेंगा, बड़ेराजपुर, गरका और धनोरा सहित आसपास के क्षेत्रों को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। यहां से विभिन्न 33 केवी उपकेंद्रों के माध्यम से 185 गांवों के लगभग 52 हजार उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जाएगी।
इससे क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या कम होने के साथ ही बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। कृषि, घरेलू उपयोग और स्थानीय विकास गतिविधियों को भी बेहतर विद्युत व्यवस्था का सहारा मिलेगा।
लोकार्पण समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के हितग्राहियों ने इस महत्वपूर्ण विद्युत अधोसंरचना के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा मंचस्थ अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







