featuredछत्तीसगढ़

खर्रा घाट को मिलेगा नया स्वरूप, 26.39 करोड़ से ऑक्सीजोन और मरीन ड्राइव का होगा कायाकल्प

8.30 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन, न्यू शनि मंदिर तक 2 किलोमीटर मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण, पाथवे व प्रकाश व्यवस्था से होगा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का किया शुभारंभ, सेवा ही संकल्प अभियान में शहरवासियों ने किया श्रमदान

रायगढ़ सेवा ही संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण खर्रा घाट को नया स्वरूप देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। खर्रा घाट में लगभग 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन निर्माण तथा खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक करीब 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के सुदृढ़ीकरण, उन्नयन एवं पाथवे निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए एनटीपीसी के सीएसआर मद से 26 करोड़ 39 लाख रुपये का अनुबंध किया गया है। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद खर्रा घाट और मरीन ड्राइव क्षेत्र शहरवासियों के लिए बेहतर हरित, मनोरंजक एवं सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
सेवा केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, सतत प्रक्रिया है
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सेवा मेरा योगदान की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को शहर के विकास और स्वच्छता से जुड़ना चाहिए। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत आज खर्रा घाट में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया है, लेकिन स्वच्छता केवल एक दिन की गतिविधि नहीं है। इसे सतत प्रक्रिया के रूप में अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की जीवनदायिनी नदी है। इसके घाटों की स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। लगभग तीन माह पूर्व खर्रा घाट के विकास की योजना पर कार्य शुरू किया गया था। इसी क्रम में अब यहां 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन और खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक मरीन ड्राइव को विकसित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है।
प्रकाश, ड्रेनेज और पाथवे से सुसज्जित होगा मरीन ड्राइव
खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक लगभग 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पाथवे, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे नदी किनारे का क्षेत्र अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनेगा तथा शहरवासियों को घूमने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। प्रकाश व्यवस्था के कारण रात में भी यह क्षेत्र रोशन और आकर्षक नजर आएगा।
रायगढ़ में लगातार बढ़ रहे ऑक्सीजोन और हरित क्षेत्र
श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजोन एवं हरित क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। सिंदूर पार्क में ऑक्सीजोन का आनंद शहर वासी ले रहे हैं। इसीतरह दूध डेयरी, किसान राइस मिल, पहाड़ मंदिर, नगरवन उर्दना, कोसाबाड़ी, उपलब्ध रिक्त भूमि सहित खर्रा घाट में ऑक्सीजोन विकसित करने की दिशा में कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में करीब आठ ऑक्सीजोन के निर्माण की दिशा में कार्य चल रहा है और आने वाले समय में इनकी संख्या 10 से अधिक करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इन क्षेत्रों को बड़े गार्डन एवं हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
नालंदा परिसर से स्टेडियम तक विकास कार्यों को गति
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, पुलिया, फोरलेन सड़क, सामुदायिक भवन, शहर की विभिन्न सड़कों के निर्माण सहित अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। मिनी स्टेडियम एवं रायगढ़ स्टेडियम के उन्नयन से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि बजट एवं पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप रायगढ़ में शासकीय संगीत महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में रायगढ़ में सभी वर्गों और युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 100 से अधिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
शहरवासियों से सेवा ही संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील
श्री चौधरी ने कहा कि स्वच्छता और विकास में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज खर्रा घाट में श्रमदान से स्वच्छता का कार्य किया गया है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए शहरवासियों को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक शहरवासियों से सेवा ही संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद  देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू, कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ  अभिजीत पठारे, निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, निगम एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
शहर में बनेंगे 10 से अधिक ऑक्सीजोन
हरित क्षेत्र और बड़े गार्डन के रूप में होगा विकास : रायगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में ऑक्सीजोन का विस्तार किया जा रहा है। सिंदूर पार्क, दूध डेयरी, किसान राइस मिल, पहाड़ मंदिर, नगरवन उर्दना, कोसाबाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजोन विकसित किए जा रहे हैं। खर्रा घाट को मिलाकर वर्तमान में करीब 8 ऑक्सीजोन निर्माणाधीन/प्रस्तावित हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या 10 से अधिक करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
स्वच्छता का संदेश लेकर पहुंचा अप्पू राजा बना आकर्षण का केंद्र
सेवा ही संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शहर की स्वच्छता के प्रतीक अप्पू राजा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। अप्पू राजा ने लोगों से हाथ मिलाकर स्वच्छ रायगढ़, सुंदर रायगढ़ का संदेश दिया और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी की अपील की। इस दौरान बच्चों से लेकर बड़ों तक लोगों ने अप्पू राजा के साथ सेल्फी लेकर इस अनूठे स्वच्छता संदेश को यादगार बनाया।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री  श्री  चौधरी ने भी अप्पू राजा से हाथ मिलाया और उसके माध्यम से दिए जा रहे स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा शहरवासियों से इसे अपने व्यवहार में अपनाने की अपील की।
गौरतलब है कि नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अप्पू राजा को रायगढ़ की स्वच्छता के प्रतीक के रूप में तैयार किया गया था, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किया था। तब से अप्पू राजा स्वच्छता, जनभागीदारी और स्वच्छ शहर के संकल्प का आकर्षक चेहरा बनकर लोगों को जागरूक कर रहा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button